आज "संस्कार रैली" के साथ तेरापंथ भवन, उधना में होगा "शासन श्री" साध्वी श्री ललित प्रभाजी का चातुर्मास प्रवेश
--------------------------------------------------
दिनांक 21 को "शासन श्री" साध्वी श्री सरस्वतीजी का तेरापंथ भवन सिटी लाइट में, दिनांक 22 को मुनि श्री संजयकुमार जी एवं प्रसन्नकुमारजी का कामरेज, एवं दिनांक 23 को "शासन श्री" साध्वी श्री शिवमालाजी का पर्वत पाटिया में होगा चातुर्मास प्रवेश
जैन परंपरा में चातुर्मास का विशेष महत्व है। मुख्य रूप से 8 महीने तक जैन साधु- साध्वी लोक कल्याण के लक्ष्य के साथ बहिर्विहार करते हैं, लेकिन बरसात की ऋतु में 4 महीने तक जैन संत एक ही स्थान पर स्थिरवास करते हुए अहिंसा आदि महाव्रतों की जयणापूर्वक आराधना करते हैं।
इस पवित्र परंपरा के अंतर्गत महातपस्वी आचार्य श्री महाश्रमण जी की सुशिष्या "शासन श्री" साध्वी श्री ललितप्रभाजी आज शुक्रवार दिनांक 20 जुलाई 2018 को तेरापंथ भवन उधना में चातुर्मासार्थ मंगल प्रवेश करेंगे। इस अवसर पर तेरापंथी सभा उधना के तत्वावधान में तेरापंथ युवक परिषद, तेरापंथ महिला मंडल, अणुव्रत समिति, जीवन विज्ञान अकादमी, आदि सभी संस्थाओं के सहयोग से एक विशाल 'संस्कार रैली' का आयोजन किया गया है। साध्वी श्री संस्कार रैली के साथ चौसठ जोगणिया माता मंदिर के पास होम स्टूडियो से प्रातः 8:00 बजे प्रस्थान करेंगे। संस्कार रैली वहां से नवजीवन हयूंडाई, साउथ झोन ऑफिस, आचार्य तुलसी मार्ग, उधना मेन रोड, आचार्य तुलसी सर्कल, झांसी की रानी गार्डन, आचार्य तुलसी मार्ग होते हुए तेरापंथ भवन, उधना पहुंचेगी। जहां पर "शासन श्री" साध्वी श्री ललितप्रभाजी अपने सहवर्ती साध्वियाँ साध्वी श्री अमितश्रीजी, दिव्ययशाजी एवं लब्धियशाजी के साथ मंगल चातुर्मास प्रवेश करेंगे।
इसी के साथ प्रातः 9:00 बजे साध्वी श्रीजी के स्वागत अभिनंदन का कार्यक्रम एवं तेरापंथी सभा उधना एवं लिंबायत की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ विधि समारोह भी आयोजित होगा।
दिनांक 21 जुलाई को "शासन श्री" साध्वी श्री सरस्वतीजी तेरापंथ भवन सिटी लाइट में दिनांक 22 जुलाई को मुनि श्री संजयकुमार जी एवं प्रसन्नकुमार जी तेरापंथ भवन, कामरेज में एवं दिनांक 23 जुलाई को शासन श्री साध्वी श्री शिवमाला जी पर्वत पाटिया, तेरापंथ भवन में चातुर्मास प्रवेश करेंगे। सभी स्थानों पर तेरापंथ समाज की स्थानीय संस्थाओं द्वारा रैली का आयोजन भी किया जाएगा।
संकलन -- अर्जुन मेड़तवाल
उधना-सूरत
No comments:
Post a Comment