Wednesday, 11 July 2018

आचार्य श्री महाप्रज्ञ जी की साधना समर्पण एवं संघ निष्ठा बेजोड़ थी --- " शासन श्री " साध्वी श्री ललितप्रभाजी

                   आचार्य श्री महाप्रज्ञ जी का 99 वां जन्मदिवस "प्रज्ञा दिवस" के रुप में मनाया गया


तेरापंथ धर्मसंघ के दसमाधिशास्ता प्रेक्षा प्रणेता आचार्य श्री महाप्रज्ञजी का 99 वां जन्म दिवस आचार्य श्री महाश्रमण जी की सुशिष्या " शासन श्री " साध्वी श्री ललितप्रभाजी के सान्निध्य में प्रज्ञा दिवस के रूप में मनाया गया।


उधना (अर्जुन मेड़तवाल)) श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा, उधना के तत्वावधान में शुभ रेसीडेंसी, उधना में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मंगल उद्बोधन देते हुए "शासन श्री"साध्वी श्री ललितप्रभाजी ने कहा -- आचार्य श्री महाप्रज्ञजी एक अलौकिक एवं दिव्य महापुरुष थे। उनकी साधना, गुरु के प्रति उनका समर्पण, उनकी संघनिष्ठा सब कुछ अनुपम था। वे खुले आकाश के नीचे जन्मे और अपने व्यक्तित्व एवं कर्तृत्व द्वारा उन्होंने तेरापंथ धर्मसंघ को भी आकाश जैसी ऊंचाइयों पर पहुंचाया। आचार्य श्री तुलसी एवं आचार्य श्री महाप्रज्ञजी के मध्य भगवान महावीर एवं गौतम स्वामी जैसे अटूट संबंध थे। आचार्य तुलसी समाज एवं धर्मसंघ को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने का स्वप्न देखते थे और आचार्य महाप्रज्ञ जी क्रियान्विति द्वारा उन सपनों को साकार करते थे। उनके जन्मदिवस पर उनके आदर्शों को जीवन में उतारना ही उनकी सही अभ्यर्थना होगी।


साध्वी श्री दिव्ययशाजी ने कहा -- आचार्य श्री महाप्रज्ञ जी की अखंड अध्यात्मनिष्ठा, श्रद्धा, समर्पण एवं प्रबल पुरुषार्थ ने उन्हें " महाप्रज्ञ " बनाया। उन्होंने भगवान महावीर के अहिंसा के सिद्धांत को प्रायोगिक रुप में प्रस्तुत किया। उन्होंने लोगों को अपने जीवन में परिवर्तन लाने का आह्वान किया। आज के मंगल अवसर पर प्रत्येक व्यक्ति उनके द्वारा प्रदत्त प्रेक्षाध्यान एवं जैन जीवन शैली को अपनाने का प्रयत्न करें।साध्वी श्री अमितश्रीजी एवं साध्वी श्री लब्धियशाजी उपस्थित थे।
तेरापंथ कन्या मंडल की बहनों ने रोचक परिसंवाद प्रस्तुत किया। तेरापंथी सभा, उधना के उपाध्यक्ष श्री अर्जुनजी मेड़तवाल, महासभा राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य श्री अनिल जी चंडालिया, उपासक प्रचेता श्री उत्तमजी बोहरा, तेरापंथी सभा के मंत्री श्री अशोक जी दुगड़, तेरापंथ महिला मंडल की राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य श्रीमती मंजू नौलखा, उधना महिला मंडल मंत्री श्रीमती जस्सू बाफना, तेरापंथ युवक परिषद, उधना के अध्यक्ष श्री सुभाषजी चपलोत, श्रीमती रेखा सिरोहीया अादि ने प्रासंगिक अभिव्यक्ति की। श्रीमती बेला बैद ने मंगलाचरण, श्री पुष्पराजजी बैद ने आभार ज्ञापन एवं तेयुप के पूर्व मंत्री श्री संजयजी बोथरा ने कार्यक्रम का संचालन किया।
दिनांक : 11-7-2018

No comments:

Post a Comment