Saturday, 18 November 2017

स्वच्छता की ओर बढ़ा नन्हा कदम रोल मॉडल साबित होगा स्वच्छ भारत निर्माण में

स्वच्छता की ओर बढ़ा नन्हा कदम रोल मोडल साबित होगा स्वच्छ भारत के निर्माण में !

अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल का राष्ट्रहित में एक और प्रशंसनीय कदम

केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “स्वच्छ भारत मिशन” की चर्चा आज देश और दुनिया के कोने कोने में है तो वहीँ इस मिशन के तहत देशभर में सरकारी और गैर सरकारी स्तर पर वृहद् पैमाने में कार्य भी हुआ है l दिनांक 2 अक्टूबर 2014 को देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रारंभ किये गए इस अभियान को प्रारंभ से ही व्यापक समर्थन मिला और देशभर में स्वच्छता की मुहिम शुरू हो गई l इसी क्रम में अभियान के प्रारंभ होने के अगले माह में ही दिनांक 14 नवम्बर 2014 को केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री मेनका गाँधी ने बाल स्वच्छता मिशन की देश व्यापी शुरुआत की, जिसका उद्देश्य स्पष्ट था कि बच्चों के माध्यम से देश भर में स्वच्छता के प्रति जन जागृति लाने का प्रयास करना l इसके लिए विद्यालयों के माध्यम से बच्चों को स्वच्छता के महत्त्व से रूबरू कराते हुए स्वच्छता के फायदे और गंदगी के दुष्परिणामों से अवगत कराने का कार्य प्रारंभ हुआ और बच्चों को विद्यालयों के साथ साथ अपने घर और आस पास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया जाना प्रारंभ किया गया l तब से लेकर आज तक इस मिशन के तहत देश भर में काफी कार्य हुआ है और बच्चों के माध्यम से जनजागृति लाने के उद्देश्य में सरकार सफल भी हुई है l

आज केंद्र सरकार के राष्ट्र हित के इस प्रेरणास्पद कार्य में देश के कई समाज सेवी संगठन भी स्वप्रेरित होकर अपनी अपनी क्षमतानुसार अपनी भूमिका निभा रहे हैं और स्वच्छता के इस मिशन में अपना योगदान दे रहे हैं l इसी क्रम में तेरापंथ धर्म संघ की केंद्रीय संस्था अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल भी इस मिशन में प्रारंभ से ही जुडी हुई है l यह तेरापंथ समाज की हजारों महिलाओं का देशभर में फैला विशालकाय संगठन है जो पूज्य गुरुदेव आचार्यश्री महाश्रमण जी के आशीर्वाद से अपनी सैकड़ों शाखाओं के माध्यम से देश भर में धर्म और आध्यात्म के साथ साथ समाज एवं राष्ट्र हित के कार्यों में सक्रियता से कार्य कर रहा है l कर्मठ, उर्जावान एवं सक्रिय तेरापंथी महिलाओं के इस संगठन ने देश भर में अनेकों कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता के लक्ष्य को प्राप्त करने में अपेक्षित सफलता प्राप्त की है और स्वच्छता के प्रति जनजागृति लाने में भी काफी हद तक सफल हुए है l प्राप्त जानकारी के अनुसार केंद्र सरकार द्वारा अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के कार्यों को देखते हुए इसे स्वच्छ भारत मिशन का ब्रांड एम्बेसेडर भी नियुक्त किया गया जिसे संस्था के साथ साथ सम्पूर्ण समाज के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि कहा जा सकता हैं l

अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल के इस अभियान में एक महत्वपूर्ण कड़ी और जुड़ गई जब गत 14 नवम्बर 2017 को संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती कुमुद कच्छारा के नेतृत्व में बाल स्वच्छता अभियान के तहत देश भर में एक साथ अपनी सैंकड़ो शाखाओं के माध्यम से एक विशिष्ट अभियान का शुभारम्भ किया गया l 6 माह तक चलने वाले इस अभियान के तहत देश भर के विभिन्न विद्यालयों में महिला मंडल की बहने बच्चों को अनेक तरीकों से स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगी और उन्हें विद्यालय के साथ साथ अपने घर और आस पास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करेगी l इसी वजह से इस अभियान को नाम दिया गया “निर्माण – एक नन्हा कदम स्वच्छता की ओर” l निश्चित रूप से यदि इन नन्हे मुन्ने बच्चों के माध्यम से तेरापंथ महिला मंडल अपने उद्देश्य में सफल हो पाती है तो स्वच्छता की ओर बढाया गया यह नन्हा कदम स्वच्छ भारत के निर्माण में रोल मोडल बनकर सामने आएगा l इस अभियान के तहत करणीय कार्यों की बात करें तो महिला मंडल अपने इस अभियान के तहत कई विषयों पर कार्य कर सकती है जैसे – विद्यालयों और आंगनबाडियों की स्वच्छता, आस पास के खेल मैदान आदि की साफ़ सफाई, बच्चों में साफ़ और स्वच्छ रहने की आदत का विकास, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, साफ़ और शुद्ध भोजन का सेवन, शुद्ध पीने के पानी का उपयोग, शौचालय आदि की स्वच्छता आदि अनेक ऐसे बिंदु हैं जिन पर कार्य कर अपने बाल स्वच्छता और स्वच्छ भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है l

राष्ट्र हित में प्रारंभ “निर्माण” योजना के लिए अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती कुमुद कच्छारा सहित समस्त राष्ट्रीय टीम व देश भर की सैंकड़ों शाखाओं की हजारों महिला सदस्याएं साधुवाद की पात्र हैं l समाज से जुडी सभी संस्थाएं भी महिला मंडल के इस अभियान में सहयोगी की भूमिका निभाकर देश के प्रति अपने दायित्व को अवश्य पूरा करेगी l वहीँ पूज्य प्रवर के आशीर्वाद से महिला मंडल अपने लक्ष्य को सफलतम रूप में प्राप्त करेंगी, मंगलकामनाएँ l

(कार्यक्रम जानकारी स्त्रोत - सोशल मीडिया )

No comments:

Post a Comment